नरेन्द्र मोदी के समर्थन में हरियाणा भाजपा ने दिखाई एकजुटता

चंडीगढ़, 4 मार्च (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की प्रधानमंत्री पर परिवारवाद की टिप्पणी किए जाने के बाद हरियाणा भाजपा के तमाम नेताओं ने नरेन्द्र मोदी के समर्थन में एकजुटता दिखाई है। सोमवार को प्रदेश के सभी नेताओं ने अपने सोशल मीडिया एक्स (ट्वीटर) पर मोदी का परिवार लिखकर आरजेडी सुप्रीमो को जवाब दिया।

सोमवार को हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लालू यादव को घेरते हुए कहा कि लालू याद करें उन्होंने राम जन्म भूमि के लिए आंदोलन कर रहे लालकृष्ण आडवाणी के रथ को रोक दिया था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर का निर्माण करके दिया है। तुलना करके बताओ की असली हिंदू कौन है।

दरअसलए आरजेडी प्रमुख एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के ‘परिवारवाद’ वाले बयान के बाद भाजपा आक्रामक मूड में है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी लालू के परिवारवाद का जवाब देने के लिए अपने एक्स हैंडल का नाम बदल दिया है। अब उन्होंने मनोहर लाल (मोदी का परिवार) नाम रख लिया है। उनके साथ उनकी कैबिनेट के मंत्रियों ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के नामों में इसी प्रकार का बदलाव कर खुद को मोदी का परिवार बताया है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्ण पाल गुर्जर, सांसद संजय भाटिया, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष नायब सैनी समेत तमाम सांसदों, मंत्रियों, संगठन के नेताओं ने सोमवार को अपना सोशल मीडिया अकाउंट का नाम बदल लिया है।