हरियाणा में शाम सात बजे तक 63.02 प्रतिशत मतदान

चंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा में शनिवार को लोकसभा की दस तथा विधानसभा की एक सीट के लिए शनिवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। राज्य में वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान जहां कुल 70.34 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं आज शाम सात बजे तक 63.02 प्रतिशत मतदान हुआ।

निर्वाचन आयोग ने इस बार 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य तय किया गया था। प्रदेश में शनिवार से ही नौतपा भी शुरू हो चुका है। भीषण गर्मी का असर मतदान पर देखने को मिला। प्रदेश में सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले आयोजित मॉक पोल के दौरान 62 ईवीएम को बदलना पड़ा। मतदान शुरू होने के बाद भी पानीपत व हिसार में ईवीएम खराब होने की सूचना मिली, जिस कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित हुई।

आज हुए मतदान के दौरान प्रदेश के कई लोकसभा क्षेत्र ऐसे रहे जहां इंडियन नेशनल लोकदल, जननायक जनता पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के बूथ तक देखने को नहीं मिले। कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी के बूथ लगभग सभी जगहों पर लगे हुए थे। हिसार, करनाल व जींद से कई मदाताओं ने अपना वोट किसी अन्य द्वारा डाले जाने का भी दावा किया।

प्रदेश में भाजपा के ज्यादातर प्रत्याशियों ने मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थानों पर पूजा-अर्चना के बाद सुबह पहले दो घंटे में ही मतदान कर दिया जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी व नेता पूर्वाह्न 11 बजे के बाद मतदान के लिए निकले। हरियाणा भिवानी में भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ तथा कांग्रेस समर्थकों के बीच मतदान को लेकर बहस हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

यमुनानगर में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में बहस हो गई। इसे देख पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। यमुनानगर के घोड़ो पिपली गांव में पहले ही लोगों ने चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया था। इसके चलते आज गांव में बूथ पर कर्मचारी भी आए लेकिन कोई भी वोट डालने के लिए नहीं आया। दोपहर दो बजे तक बूथ खाली पड़े रहे और एक भी वोट नहीं पड़ा।

रोहतक के फरमाणा गांव में बूथ नंबर 20 पर ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल की तबीयत बिगड़ गई, जिसे महम सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पैतृक गांव सांघी में पुलिस कर्मचारियों द्वारा बोगस वोटिंग कराए जाने की अफवाह फैली। पुलिस ने इसे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाह बताया।

अंबाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टर को नाली में फेंकने पर बवाल हो गया। पुलिस के सामने ही कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के साथ हाथापाई करने लगे। इस दौरान मौके पर खड़ी पुलिस मूक दर्शक बनी खड़ी रही। बिगड़ते माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। यमुनानगर के एक बूथ पर कांग्रेस-भाजपा वर्करों के बीच हुए बवाल के बाद इंडिया गठबंधन के नेता का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में ज्यादती की है। चुनाव ड्यूटी में तैनात एक एएसआई ने कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर लाठीचार्ज किया। नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से उसकी टांगे टूट गईं।

शाम सात बजे तक मतदान प्रतिशत

लोकसभा क्षेत्र मतदान प्रतिशत

अंबाला 66.03 प्रतिशत

भिवानी-महेंद्रगढ़ 64.09 प्रतिशत

फरीदाबाद 58.07 प्रतिशत

गुरुग्राम 59.05 प्रतिशत

हिसार 63.07 प्रतिशत

करनाल 62.06 प्रतिशत

कुरूक्षेत्र 65.08 प्रतिशत

रोहतक 63.06 प्रतिशत

सिरसा 67.08 प्रतिशत

सोनीपत 61.04 प्रतिशत