लोकसभा चुनाव : उप्र की आठ सीटों पर शाम 5 बजे तक 57.54 प्रतिशत मतदान

लखनऊ, 19 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश के आठ लोकसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतदान सुबह 07 से शाम 06 बजे तक हुआ। शाम 05 बजे तक औसतन 57.54 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रतिशत के अंतिम आंकड़े शनिवार को आएंगे।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। अभी कुछ जगहों से मतदान के अंतिम आंकड़े आना शेष हैं। शाम 05 बजे तक 57.54 प्रतिशत मतदान हुआ है। अंतिम आंकड़े शनिवार को जारी किए जाएंगे।

प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत क्षेत्र में मतदान हुआ। सहारनपुर क्षेत्र में मतदाताओं ने गजब का उत्साह दिखाया। यहां शाम 05 बजे तक 63.29 फीसदी मतदान हुआ। रामपुर सीट पर 52.42 प्रतिशत मतदान हुआ। इन आठ सीटों पर कुल 80 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है।

मुजफ्फरनगर के बेहड़ा-टंढ़ेडा मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग ग्रामीण लम्बे समय से कर रहे थे। यहां के ग्रामीणों ने गुरुवार रात से ही अपनी बात मनवाने के लिए चुनाव बहिष्कार का बैनर लगाकर अनशन शुरू कर दिया। शुक्रवार को नायब तहसीलदार विपिन कुमार व ब्लॉक प्रमुख जानसठ नरेंद्र चौधरी ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। यहां गांव के लोगों ने मतदान नहीं किया।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चुनाव सम्पन्न होने पर कहा कि जन विकास नीतियों और सुशासन की बदौलत तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। पहले चरण की आठ सीटों के चुनाव में भाजपा-नीत एनडीए भारी मतों से विजयी होगा।