2024 राज्य को बेहतर नेतृत्व देने का वर्ष : हसन अंसारी

रांची, 5 मार्च (हि.स.)। आजसू पार्टी उपाध्यक्ष सह रांची लोकसभा प्रभारी हसन अंसारी ने कहा कि पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है। रांची लोकसभा क्षेत्र समेत समस्त राज्य में हमारे संगठन का तेज़ी से विस्तार हो रहा है। आप सभी को अपने अपने प्रभार क्षेत्र में जमीनी स्तर पर जनता के बीच रहकर काम करना है। यह वर्ष हमारे संघर्षों के सकारात्मक परिणाम और राज्य को एक बेतहर नेतृत्व देने का वर्ष है।

हसन अंसारी मंगलवार को केंद्रीय कार्यालय में आयोजित हटिया विधानसभा अंतर्गत शहरी क्षेत्र के सभी वार्ड प्रभारियों की बैठक में बोल रहे थे। मौके पर उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि राज्य की जनता सरकार से त्रस्त है। इनके नेतृत्व में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। जनसेवा की शपथ लेने वाले अधिकारी आज लोगों की बात नहीं मान रहे हैं। जनता अब इस अराजकता से निजात चाहती है। आजसू पार्टी राज्य में सकारात्मक राजनीति की वाहक बनेगी। इस परिवर्तन में सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है।