राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में हिस्सा लेंगे राज्य के 16 बच्चे

रांची, 21 मई (हि.स.)। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रांची में रविवार को राज्यस्तरीय योग ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इसमें प्रत्येक जिले से 96 चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उच्च प्राथमिक, मध्य विद्यालयों (10-14 आयु वर्ग) से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चयनित एक छात्र एवं एक छात्रा तथा उच्च विद्यालयों (14-16 आयु वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चयनित एक छात्र एवं एक छात्रा यानी कुल चार विद्यार्थी प्रत्येक जिले से शामिल हुए।

राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में भाग लेने के लिए उच्च प्राथमिक, मध्य विद्यालय श्रेणी (10-14 आयु वर्ग) में निशा गुप्ता, मोहित कुमार, प्रवीण कुमार महतो, मामोनी महतो, राही कुमारी, आदर्श रजक, शिवम पांडेय और अदिति कुमारी का चयन किया गया। उच्च विद्यालय श्रेणी (14-16 आयु वर्ग) में श्रवण रजक, पूजा कुमारी, पुनीत लोहरा, कार्तिक कुमार, रितिका प्रजापति, लवली कुमारी, दीक्षा सोनकर और शनि कुमार का चयन किया गया।

ओलंपियाड प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में कलावती कुमारी, आम्या अंशु, मनोज सोनी, डॉ. परिणीता सिंह, मुकेश महतो, दोलों सिंह शामिल थे। प्रतियोगिता के संचालन में प्रीती मिश्रा, रजनीकांत मिश्र, कृष्णा कुमार विश्वकर्मा, डॉ. सौबान अहमद, अनमोल रतन रुंडा, समीर कुमार नन्द ने सहयोग किया।

बच्चों ने योग से खींचा सबका ध्यान

राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक आदित्य रंजन ने कहा कि बच्चों ने राज्यस्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता में योगासन के विविध मुद्राओ से सबका ध्यान आकर्षित किया। योग प्रतिभा से बच्चों ने ना केवल स्वस्थ रहने का संदेश दिया, बल्कि भारत की योग विरासत के माध्यम से शारीरिक अभ्यास के साथ मानसिक संतुलन और एकाग्रता बनाये रखने का भी अद्भुत परिचय दिया।

राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में होंगे शामिल

प्रतियोगिता के विजेता 21 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एनसीईआरटी, नयी दिल्ली द्वारा रष्ट्रीय योग ओलंपियाड का आयोजन 18 जून से 21 जून तक किया जायेगा। इसी के तहत झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने आज राज्यस्तरीय योग ओलंपियाड का आयोजन किया।