धर्मशाला, 01 जून (हि.स.)। प्रदेश में चार लोकसभा सीटों सहित छह उपचुनाव को लेकर मतदान चल रहा है। इसी कड़ी में कांगड़ा संसदीय सीट के लिए भी लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है। लोगों में मतदान के लिए उत्साह देखा जा रहा है। शनिवार सुबह 7:00 बजे मतदान शुरू हुआ जो कि 9:00 बजे तक मिली सूचना के मुताबिक संसदीय सीट के लिए 14.73 प्रतिशत मतदान हो चुका है। कांगड़ा संसदीय सीट के लिए 17 विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए 1643 मतदान केंद्रों में मतदान चल रहा है। जिनमे कांगड़ा की 13 जबकि चंबा जिला के चार विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
उधर आम लोगों के साथ साथ चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने भी सुबह सुबह परिजनों सहित मतदान किया है। मतदान के दौरान भाजपा के उम्मीदवार डॉ राजीव भारद्वाज ने अपने परिजनों सहित मतदान किया। वहीं जिला मुख्यालय धर्मशाला में उपचुनाव के लिए चल रहे मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी ने भी परिवार सहित मतदान किया है और लोगों से भी मतदान की अपील की है।