
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार इस बिल के जरिए देश में मुसलमानों की संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने इस कानून को पिछले एक दशक से मुसलमानों पर हो रहे कथित उत्पीड़न की एक और कड़ी बताया।
‘भाजपा का एजेंडा मुसलमानों के खिलाफ’
महबूबा मुफ्ती ने कहा, “मुसलमानों के खिलाफ भाजपा ने जो मुहिम पिछले 10 सालों से चलाई है, यह विधेयक उसी का हिस्सा है। अब वक्फ संशोधन विधेयक लाकर वे हमारी धार्मिक संपत्तियों को निशाना बना रहे हैं। हमारा देश गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे के लिए जाना जाता था, लेकिन अब इसे तोड़ा जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “भाजपा भूल जाती है कि सत्ता हमेशा के लिए नहीं होती। जिस रास्ते पर वे देश को ले जा रहे हैं, उसका खामियाजा पूरा देश भुगतेगा। आज जो सरकार है, वह मुसलमानों के अधिकारों का खुला उल्लंघन कर रही है, जो हमारे लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।”
बहुसंख्यकों से की न्याय की अपील
महबूबा मुफ्ती ने हिंदू बहुसंख्यकों से भी अपील की कि वे इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा, “भारत सभी नागरिकों का देश है, चाहे वे किसी भी धर्म या आस्था से हों। हमें गांधीजी के सिद्धांतों पर चलना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि देश संविधान के अनुसार ही चले।”
म्यांमार का उदाहरण देकर दी चेतावनी
महबूबा ने भारत में सांप्रदायिकता के बढ़ते खतरे को लेकर म्यांमार का उदाहरण दिया और चेताया कि भारत को उस रास्ते पर नहीं चलना चाहिए जहां सत्ता का केंद्रीकरण और दमन आम बात हो जाए। उन्होंने मुसलमानों की मौजूदा स्थिति की तुलना कश्मीरी पंडितों के ऐतिहासिक संघर्षों से करते हुए सभी समुदायों से समान अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
‘देश को तोड़ने की कोशिश कर रही है भाजपा’
अपने बयान में महबूबा मुफ्ती ने कहा, “भाजपा इस देश के सामाजिक और धार्मिक ताने-बाने को तोड़ने का काम कर रही है। अगर हम चाहते हैं कि भारत एकता और समरसता का देश बना रहे, तो हमें इन विभाजनकारी नीतियों का विरोध करना ही होगा।”
उन्होंने हिंदू समाज से भी आग्रह किया कि वे इस विधेयक के खिलाफ आवाज उठाएं और भाजपा को देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटने से रोकें।
ब्लैकहेड्स हटाने के आसान घरेलू उपाय: बिना केमिकल्स के पाएं साफ और निखरी त्वचा