
टीवी से लेकर फिल्मों और फिर क्रिकेट के मैदान तक अपने हुनर का परचम लहराने वाली मंदिरा बेदी आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। साल 1972 में कोलकाता में जन्मी मंदिरा ने दूरदर्शन के मशहूर शो ‘शांति’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने अभिनय, मॉडलिंग, फैशन डिजाइनिंग और क्रिकेट कमेंट्री जैसे विविध क्षेत्रों में काम किया और हर जगह अपनी छाप छोड़ी।
‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ से जुड़ी यादें
मंदिरा बेदी को शाहरुख खान और काजोल स्टारर ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में प्रीति नाम की एक साधारण लड़की के किरदार में देखा गया था। फिल्म में उनके अभिनय की काफी सराहना हुई, लेकिन इसका एक अनुभव उनके लिए बेहद भावुक और कठिन रहा।
एक पुराने इंटरव्यू में मंदिरा ने खुलासा किया था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान एक बार वे सेट पर रो पड़ी थीं। ये घटना मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान से जुड़ी थी। मंदिरा ने बताया कि एक गाने की शूटिंग के समय सरोज खान ने कहा था, “तुम सनी देओल की तरह डांस कर रही हो। कमर हिलानी पड़ेगी, कंधे हिलाना लड़कों का काम है।” मंदिरा ने स्वीकार किया कि अदाओं के मामले में वे पीछे थीं और इसी बात पर वे सेट पर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि यह अनुभव आज भी उनके साथ है और वह इसे कभी नहीं भूल सकतीं।
करियर की विविधता और वापसी
‘शांति’ के जरिए जहां मंदिरा ने अपने आत्मविश्वास को मजबूत किया, वहीं सालों बाद उन्होंने एकता कपूर के लोकप्रिय सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से छोटे पर्दे पर वापसी की। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट कमेंट्री में कदम रखा और एक महिला के तौर पर इस क्षेत्र में पहचान बनाना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि रही। मंदिरा उन चुनिंदा महिलाओं में शामिल हैं, जिन्होंने पुरुष-प्रधान क्रिकेट कमेंट्री की दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई।
निजी जीवन की चुनौतियां
मंदिरा बेदी की निजी जिंदगी भी कई उतार-चढ़ाव से गुज़री है। साल 1999 में उन्होंने निर्देशक राज कौशल से विवाह किया था। लेकिन साल 2021 में राज कौशल का अचानक निधन हो गया। इस कठिन समय के बाद मंदिरा ने खुद को संभाला और आज वे अकेले अपने दोनों बच्चों की परवरिश कर रही हैं। एक मां, एक अभिनेत्री और एक स्वतंत्र महिला के रूप में वे आज कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने तलाक की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, रिश्ते को बताया मजबूत