
टेलीविजन इंडस्ट्री की चर्चित और साहसी अदाकाराओं में शुमार बरखा बिष्ट ने कई पॉपुलर शोज में काम किया, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ हमेशा सुर्खियों में रही। 2008 में शादी के बंधन में बंधीं बरखा और इंद्रनील सेनगुप्ता का रिश्ता करीब 15 साल चला, लेकिन चार साल पहले दोनों का तलाक हो गया। अब तलाक के वर्षों बाद बरखा ने पहली बार खुलकर अपनी टूटी हुई शादी के पीछे की वजहों पर बात की है।
“इंद्रनील ने मुझे धोखा दिया”
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में बरखा बिष्ट ने बताया कि उनकी शादी टूटने की सबसे बड़ी वजह इंद्रनील का धोखा था। उन्होंने कहा, “शादी के दौरान इंद्रनील ने मुझे धोखा दिया। फिर भी मैंने इस रिश्ते को बचाने की पूरी कोशिश की।”
बरखा ने यह भी कहा कि उन्हें आज तक यह समझ नहीं आया कि उनकी शादी में गलती कहां हुई। उन्होंने बताया, “अगर सब कुछ मेरे हाथ में होता तो शायद यह रिश्ता आज भी कायम होता। हमारी शादी काफी अच्छी चल रही थी। पिछले चार साल से मैं रोज सोचती रही कि काश मैं कुछ चीजों में थोड़ी कम होती, शायद तब सब ठीक होता। लेकिन धोखा देना एक च्वॉइस है, और उसके बाद क्या करना है, ये भी एक च्वॉइस होती है।”
बंगाली एक्ट्रेस के साथ जुड़ा इंद्रनील का नाम
बरखा ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने इस रिश्ते को बचाने के लिए जितना कर सकती थीं, किया और उन्हें उसका कोई पछतावा नहीं है। हालांकि, समाज ने उन्हें कई तरह की बातें सुनाईं। गौरतलब है कि इंद्रनील का नाम पिछले कुछ समय से एक बंगाली अभिनेत्री के साथ जोड़ा जा रहा है। इस पर बरखा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “उसने अपना फैसला ले लिया है। अब शायद वह खुद चीजें साफ करेगा। वह अपने किए को जस्टिफाई करने के लिए सौ बहाने बना सकता है।”
“अंदर तक टूट गई थी”
बरखा ने बताया कि पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से उन्हें बहुत गहरा धक्का लगा। उन्होंने कहा, “जिसे दिल टूटना कहते हैं, मैंने सच में उसे महसूस किया। वो एक ऐसा दर्द है जो बिल्कुल शारीरिक दर्द जैसा लगता है। उस वक्त मुझे इंसानियत से ही विश्वास उठ गया था, प्यार या शादी से नहीं। आज भी कहीं ना कहीं वो भरोसा टूटा हुआ है।”
बरखा ने अंत में यह भी कहा कि एक महिला के साथ सबसे बड़ा अन्याय तब होता है जब उसका भरोसा तोड़ा जाता है। “किसी भी औरत के लिए विश्वास सबसे कीमती चीज होती है। जब वह टूटता है, तो वो अंदर से भी बिखर जाती है।”