
पुणे नगर निगम के जल आपूर्ति विभाग ने ऐलान किया है कि 3 अप्रैल को शहर के कई इलाकों में 24 घंटे के लिए पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। यह निर्णय विभिन्न पंपिंग स्टेशनों और जल शुद्धिकरण केंद्रों में आवश्यक मरम्मत कार्यों के चलते लिया गया है। मरम्मत के बाद पानी की आपूर्ति शुक्रवार दोपहर से धीरे-धीरे बहाल की जाएगी।
मेंटेनेंस के कारण ठप रहेगी सप्लाई
पुणे नगर निगम गुरुवार को पार्वती वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, भामा आसखेड, होलकर जल केंद्र, वडगांव जल केंद्र, राजीव गांधी पंपिंग स्टेशन और वारजे वॉटर स्टेशन पर मरम्मत कार्य करेगा। इन स्थानों पर टैंक, पंपिंग यूनिट और विद्युत व्यवस्थाओं में सुधार कार्य होंगे। इसके चलते पूरे गुरुवार पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
नगर निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे बुधवार तक आवश्यक मात्रा में पानी स्टोर कर लें और गुरुवार को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें।
इन इलाकों में रहेगी परेशानी
पानी की आपूर्ति बंद रहने से निम्नलिखित क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति बन सकती है:
-
वडगांव शेरी
-
चंदन नगर
-
विमाननगर
-
यरवदा
-
लोहेगांव (कुछ हिस्से)
-
नगर रोड
-
कोथरूड
-
सतारा रोड
-
सोलापुर रोड और आसपास के आवासीय क्षेत्र
शुक्रवार से बहाल होगी आपूर्ति
पुणे नगर निगम ने बताया कि इस कटौती से पहले कुछ दिनों तक नागरिकों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति की गई है, ताकि वे स्टॉक कर सकें। साथ ही, 3 अप्रैल को स्टोर्ड पानी का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार की दोपहर तक पानी की सप्लाई धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि, पहले भी ऐसे कई मौके आ चुके हैं जब मरम्मत कार्य के बाद पानी की आपूर्ति निर्धारित समय पर बहाल नहीं हो पाई। इसीलिए नगर निगम ने नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।