नेपाल में पकड़े गए चीनी तस्करों का भारत में पकड़े गए 143 किलो सोने का कनेक्शन

काठमांडू, 28 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में एक क्विंटल सोने की तस्करी में गिरफ्तार चीनी नागरिकों में तीन तस्करों के तार भारत में कुछ समय पहले पकड़े गए 143 किलो सोने की तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। भारत में करीब सालभर पहले इतने बड़े पैमाने पर तस्करी का सोना जब्त किया गया था, जिसमें इन्हीं तीनों चीनी नागरिकों की संलग्नता सामने आई है।

नेपाल में सोने की तस्करी से जुड़े मामले की जांच कर रहे केन्द्रीय अनुसंधान ब्यूरो (सीआईबी) की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने यह जानकारी भारतीय पक्ष से साझा की है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी कुबेर कडायत ने कहा कि नेपाल में पकड़े गए चीनी नागरिकों में से याओ पुचेंग, ली वेन संग और जिक्वान लिन का संबंध भारत में पकड़े गए 143 किलो सोने से दिखा है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मई 2022 में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 61.5 किलो सोना बरामद किया गया था। इस मामले में भारत की डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने इन तीनों चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। उस समय भी हांगकांग से ही सोने की खेप भेजी गई थी। नल की टोटी बनाकर भेजे गए सोने की खेप पकड़ने के लिए डीआरआई ने ऑपरेशन गोल्डेन टेप चलाया था।

इतना ही नहीं 2021 में भी करीब 81.5 किलो सोना मंगवाया था। दूसरी बार में गिरफ्तार हुए इन तीनों चीनी नागरिकों को कुछ महीने जेल में रहने के बाद जमानत में रिहा होते ही नेपाल आ गए और उन्होंने नेपाल से फिर वही पुराना धंधा शुरू कर दिया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भारत में सोने की तस्करी और नेपाल में सोने की तस्करी का पैटर्न एक ही दिख रहा है। वहां पर नल की टोटी के भीतर सोना रख कर लाते थे यहां मोटरसाइकिल की ब्रेक शू में सोना छिपा कर लाया जाता था।

भारत में भी हांगकांग से ही तस्करी का सोना विमान से मंगवाया गया था और नेपाल में भी हांगकांग से ही तस्करी हो रहा था। इन्हीं के पास से चीनी पासपोर्ट के अलावा भारतीय आधार कार्ड भी बरामद हुआ था। नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के तरफ से इंटरपोल के जरिए भारत से इस संबंध में और जानकारी देने की मांग की गई है।