
दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम आज भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। इस यात्रा के दौरान उनके साथ कई मंत्री, सीनियर सरकारी अधिकारी और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
क्राउन प्रिंस का कार्यक्रम
यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी शेख हमदान के लिए लंच की मेज़बानी करेंगे। इसके बाद, क्राउन प्रिंस भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इन बैठकों के बाद, वे दिल्ली से मुंबई जाएंगे, जहां वे भारत-यूएई के प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ एक बिजनेस राउंड टेबल में शामिल होंगे। इस चर्चा का उद्देश्य दोनों देशों के पारंपरिक और भविष्य के आर्थिक वाणिज्यिक सहयोग को और मजबूत करना है।
यूएई में भारतीय प्रवासी
विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, दुबई ने भारत और यूएई के बीच वाणिज्यिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। यूएई में लगभग 43 लाख भारतीय प्रवासी रहते हैं, जिनमें से अधिकांश दुबई में काम करते हैं। क्राउन प्रिंस की यह यात्रा भारत-यूएई की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी, और दुबई के साथ हमारे बहुआयामी संबंधों को भी गहरा करेगी।
विदेश मंत्री की यात्रा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जनवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा के दौरान क्राउन प्रिंस को भारत आने का निमंत्रण दिया था। इस यात्रा के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था, “दुबई के क्राउन प्रिंस, यूएई के डीपीएम और रक्षा मंत्री शेख हमदान मोहम्मद से मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारे दोस्ती के गहरे बंधन और हमारे लोगों की भलाई के लिए आगे बढ़ने पर गर्मजोशी से चर्चा हुई।”