दिल्ली: यूपी-बिहार से लेकर हरियाणा-पंजाब तक पारा पांच डिग्री तक बढ़ सकता

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तर भारत से लेकर महाराष्ट्र तक भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है। बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में तीव्र गर्मी और शुष्क हवाएं जारी रहेंगी। खासतौर पर राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है और वहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। जम्मू-कश्मीर जैसे पर्वतीय राज्यों में भी तापमान औसत से अधिक रहने की संभावना है। कश्मीर घाटी में बर्फबारी कम होने के कारण तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में पानी की कमी हो सकती है और ग्लेशियरों के पिघलने में तेजी आ सकती है। मौसम विभाग ने अप्रैल के तीसरे सप्ताह से मई के पहले सप्ताह तक उत्तर भारत और मध्य भारत में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अत्यावश्यक परिस्थितियों को छोड़कर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अपने घरों से बाहर न निकलें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा बार-बार पानी पीते रहें।

 

दिल्ली में पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है

दिल्ली-एनसीआर एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में आने वाला है। दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी सोमवार से दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।