गन्ने के रस के नुकसान: किन लोगों को करना चाहिए परहेज

गर्मियों में ठंडक और ताजगी पाने के लिए गन्ने का रस पीना लोग खूब पसंद करते हैं। यह रस न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, पोटेशियम और विटामिन A, B1, B2, B3 और C जैसे पोषक तत्व भी भरपूर होते हैं। हालांकि, हर किसी के लिए यह फायदेमंद नहीं होता। कुछ लोगों के लिए इसका अधिक सेवन स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है। कई अध्ययनों के अनुसार, गन्ने में मौजूद पोलीकोसैनॉल नामक तत्व का लंबे समय तक सेवन करने से अनिद्रा, पेट की समस्याएं, सिरदर्द और मोटापे का खतरा बढ़ सकता है। आइए जानते हैं किन लोगों को गन्ने के रस से परहेज करना चाहिए।

किन लोगों को गन्ने का रस नहीं पीना चाहिए?

मोटापा बढ़ा सकता है
गन्ने के रस में कैलोरी और शुगर की मात्रा अधिक होती है। एक गिलास गन्ने के रस में लगभग 270 कैलोरी और 100 ग्राम तक चीनी हो सकती है। इसका ज्यादा सेवन वजन बढ़ाने और मोटापे की समस्या को बढ़ा सकता है।

डायबिटीज के मरीज रहें सावधान
गन्ने का रस प्राकृतिक रूप से मीठा होता है, जिससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इसका सेवन करने से बचना चाहिए।

बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल के लिए नुकसानदायक
अगर आपका कोलेस्ट्रॉल पहले से ज्यादा है, तो गन्ने के रस से बचें। ज्यादा चीनी के सेवन से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ सकता है और गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) कम हो सकता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है।

अनिद्रा की समस्या
अगर आपको पहले से नींद न आने (अनिद्रा) या तनाव की समस्या है, तो गन्ने का रस ज्यादा न पिएं। इसमें मौजूद पोलीकोसैनॉल तत्व अनिद्रा की समस्या को बढ़ा सकता है।

दांतों में कैविटी
गन्ने का रस मीठा होता है, जिससे अधिक सेवन करने पर दांतों में कैविटी की समस्या हो सकती है। इसकी मिठास बैक्टीरिया को बढ़ावा देती है, जिससे दांतों की सड़न की संभावना बढ़ जाती है।