
हम अक्सर यह सुनते हैं कि अगर हमारा खान-पान संतुलित है, तो विटामिन और सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं होती। लेकिन इंग्लैंड के जुड़वां भाई रॉस और ह्यूगो टर्नर ने अपने एक नए प्रयोग से इस धारणा को चुनौती दी है। डेवोन के रहने वाले 36 वर्षीय यह दोनों भाई पहले भी अपने एक जैसे डीएनए का इस्तेमाल कर चुके हैं ताकि यह समझा जा सके कि जीवनशैली का स्वास्थ्य पर क्या असर होता है।
अब उन्होंने एक नया 6 महीने लंबा प्रयोग किया, जिसमें उन्होंने लगभग एक जैसी डाइट और एक्सरसाइज रूटीन फॉलो की, लेकिन उनके द्वारा लिए गए सप्लीमेंट्स में एक महत्वपूर्ण फर्क था। रॉस ने पारंपरिक एनिमल-बेस्ड सप्लीमेंट्स का सेवन किया, जबकि ह्यूगो ने पूरी तरह से वीगन सप्लीमेंट्स अपनाए, जैसे कि समुद्री शैवाल से बने ओमेगा-3 सप्लीमेंट्स।
क्या था नतीजा?
छह महीने बाद किए गए ब्लड टेस्ट के परिणाम चौंकाने वाले थे। ह्यूगो के शरीर में कई जरूरी पोषक तत्वों जैसे ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन B12, आयरन, और जिंक का स्तर रॉस से अधिक था। ये वे पोषक तत्व हैं जिन्हें अक्सर शाकाहारी या वीगन डाइट में कम माना जाता है। यह परिणाम टर्नर भाइयों के 2020 में किए गए एक पिछले अध्ययन से मेल खाता है, जिसमें ह्यूगो ने वीगन डाइट और रॉस ने नॉन-वेज डाइट अपनाई थी। उस समय भी वीगन डाइट ने तेज फैट लॉस और बेहतर हार्ट हेल्थ जैसे फायदे दिखाए थे।
विशेषज्ञों की राय
ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल की न्यूट्रिशन एंड हेल्थ विभाग की प्रमुख डॉ. किरण सोनी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि आजकल वीगन सप्लीमेंट्स शुद्ध स्रोतों से बनाए जाते हैं, जैसे अल्गी या फर्मेंटेड न्यूट्रिएंट्स। इनसे शरीर में बेहतर अवशोषण होता है और ये पोषक तत्व पूरी तरह से उपयोग में लाए जा सकते हैं। डॉ. सोनी का मानना है कि सिर्फ शाकाहारी लोग ही नहीं, बल्कि मांसाहारी लोग भी कभी-कभी अपनी डाइट की अनियमितता या तनाव के कारण पोषक तत्वों की कमी से जूझ सकते हैं। ऐसे में वीगन सप्लीमेंट्स एक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प हो सकते हैं।
सप्लीमेंट्स कैसे चुनें?
डॉ. सोनी के अनुसार, सप्लीमेंट चुनते समय सिर्फ “वीगन” या “नॉन-वीगन” पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। असली सवाल यह है कि क्या यह आपके शरीर की जरूरतों को पूरा करता है? उन्होंने यह भी कहा कि एक संतुलित वीगन डाइट मोटापे, दिल की बीमारियों, और टाइप 2 डायबिटीज के खतरे को कम कर सकती है।
बिहार चुनाव से पहले NDA को बड़ा झटका, पशुपति पारस महागठबंधन में शामिल होंगे