
उत्तर प्रदेश के लोग इन दिनों भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं। अप्रैल की शुरुआत में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी तप रही हैं। सोमवार को झांसी और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम का यह मिजाज मई-जून जैसी गर्मी का अहसास कराने लगा है।
हालांकि अब प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश 13 अप्रैल तक रुक-रुक कर जारी रह सकती है।
प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया है कि आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके अलावा कुछ इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
इन जिलों में लू का खतरा
बुधवार को राज्य के कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। इनमें नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, हाथरस, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, इटावा, झांसी, ललितपुर, महोबा, औरेया, जालौन, मैनपुरी, हमीरपुर और फिरोजाबाद शामिल हैं।
वहीं गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, संतकबीरनगर, महराजगंज, बस्ती और सिद्धार्थनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है।
13 अप्रैल तक मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अप्रैल को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
12 अप्रैल को भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 13 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
तापमान में आने वाला बदलाव
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले पांच दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है।
‘छावा’ दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी; क्या नंबर एक का रिकार्ड बनाना इतना दूर की बात है?