श्रीनगर : मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी के बाद मौसम विभाग ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में दिन के तापमान में वृद्धि के साथ मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार ही जम्मू संभाग में कड़ाके की धूप निकली हुई है जिसने लोगों को धूप से बचने के लिए रंग-बिरंगे छाते लेने पर मजबूर कर दिया है। तेज धूप के चलते दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी महसूस की जा रही हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटों में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है लेकिन देर से दोपहर या शाम को गरज के साथ कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 10-12 मई तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि 13-15 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर बारिश और आंधी की संभावना है।
इसी बीच श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में 5.8 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 1.8 डिग्री सेल्सियस , कुपवाड़ा शहर में 4.7 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में 4.0 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 7.8 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 14.5 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।