भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल (रविवार) पापुआ न्यू गिनी की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी पहुंचे। उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए भारतीय समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। पापुआ न्यू गिनी की यात्रा करने वाले मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। इंडोनेशिया के पास प्रशांत महासागर क्षेत्र में स्थित पापुआ न्यू गिनी स्वतंत्र राष्ट्र है। पापुआ न्यू गिनी दक्षिण पश्चिम प्रशांत महासागर क्षेत्र में द्वीपों का एक समूह है। मात्र 60 लाख जनसंख्या वाला यह देश विविधताओं से भरा हुआ है। यहां लगभग 850 भाषाएं बोली जाती है। यहां की जनसंख्या का सिर्फ 18 प्रतिशत भाग शहरी क्षेत्रों में निवास करता है।
पापुआ न्यू गिनी की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी में सैकड़ों भारतीय रहते हैं। इनमें से अधिकांश सपरिवार प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने पहुंचे। इन लोगों ने ‘हर हर मोदी घर घर मोदी’ और भारत माता की जय के नारे भी लगाए। प्रधानमंत्री को भारतीय समुदाय ने अनोखे उपहार के रूप में एक पेंटिंग भी भेंट की। इसमें मोदी और उनकी मां हैं। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी क्लिक कराई। इससे पहले विमान तल पर उनके समकक्ष जेम्स मारापे ने प्रधानमंत्री मोदी के चरण स्पर्श कर स्वागत किया। प्रधानमंत्री आज इस देश की राजधानी में भारत और 14 प्रशांत द्वीप देशों के बीच महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जापान की सफल यात्रा पूरी कर यहां पहुंचे हैं। इस देश की खास बात यह है कि यहां सूर्यास्त के बाद आने वाले किसी भी नेता का औपचारिक स्वागत नहीं किया जाता। प्रधानमंत्री मोदी के लिए यह अपवाद रहा और उनका जोरदार औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर स्वागत की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। यह फोटो दीर्घा प्रधानमंत्री के ट्वीटर हैंडल से साभार है। प्रधानमंत्री ने स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का आभार जताया है।