रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसको लेकर शहर में 15 अगस्त की सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी है। रिंग रोड की ओर से रांची आनेवाले वाहन बोड़ेया तक, चाईबासा-खूंटी से रांची आनेवाले वाहन बिरसा चौक तक, पलामू-लोहरदगा से रांची आने वाले वाहन तिलता चौक, गुमला सिमडेगा से रांची आनेवाले वाहन आइटीआइ बस स्टैंड तक, जमशेदपुर से रांची आने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक नामकुम तक, कांके और पतरातू से रांची आने वाले वाहन चांदनी चौक तथा विकास की ओर से रांची एवं बरियातू आने वाले वाहन बूटी मोड़ तक ही आ पायेंगे। मोरहाबादी मैदान की ओर कार्यक्रम समाप्त होने तक आम वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके लिए 15 स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाये गये।
ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था
-मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक एवं न्यायाधीश के लिए पार्किंग मुख्य मंच के पीछे बनायी गयी है।
-राज्य व केंद्र सरकार के पदाधिकारी ऑक्सीजन पार्क के सामने बनी पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे।
-मीडियाकर्मी बापू वाटिका के सामने बने पार्किंग स्थल पर वाहन पार्क करेंगे।