सरिसवा नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी, नेपाल सीमा से सटे कई गांव हुए जलमग्न

6eb5b3b05f89f5c748d7bde66a34481c

पूर्वी चंपारण,29 सितम्बर (हि.स.)। नेपाल के पहाड़ी व तराई क्षेत्र में हुई बारिश के बाद रक्सौल प्रखंड में बहने वाली नेपाल की गाद, तिलावे व सरिसवा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

इस क्षेत्र की सभी नदियां उफन रही है। नदी का पानी निचले इलाकों के कई गांवो में तेजी से फैल रही है। दर्जनो गांवों में बाढ़ जैसी हालात उत्पन्न हो गयी है। वही बाढ़ का पानी सरेह में फैल जाने के कारण धान की फसलें भी पूरी तरह डूब गयी है। जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रखंड के भेलाही स्टेशन रोड पर करीब तीन फुट बाढ़ का पानी बह रहा है। जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वही अनुमंडल परिसर में भी जलजमाव हो गयी है। जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

सरिसवा नदी में लगातार वृद्धि होने से रक्सौल शहर के कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिससे शहर के वार्ड नम्बर चार स्थित सुंदरपुर में तीन फीट पानी बह रहा है। कई लोगों के घरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से लोग परेशान है।

शहर के अहिरवा टोला, गांधीनगर, नागा रोड स्थित बाबा मठिया, छठिया घाट, इस्लामपुर सहित शहर के अन्य वार्डों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।हालांकि रविवार को सीमाई क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस महसूस की है। वही अधिकारियों के द्वारा लगातार इस पर नजर रखी जा रही है।सरिसवा नदी का पानी पड़ोसी देश नेपाल के वीरगंज शहर में भी प्रवेश कर गया है।