रायपुर : बजरंगबली कांग्रेस के साथ, भ्रष्टाचारियों पर पड़ी बजरंग बली की गदा : मुख्यमंत्री

रायपुर :  कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बढ़त के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि नतीजों के बाद यह साफ़ हो गया है कि बजरंगबली कांग्रेस पार्टी के साथ है। उन्होंने जीत का श्रेय कांग्रेस पार्टी और कर्नाटक की जनता को दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जो उम्मीद लगाई थी उसके अनुरूप रिजल्ट आया है। भाजपा ने पूरी ताकत लगाई, प्रधानमंत्री ने खुद को सामने रखकर वोट मांगा था। उस हिसाब से यह उनकी ही हार है। कर्नाटक की जनता बेरोजगारी, महंगाई, 40 परसेंट कमीशन से परेशान थी। कांग्रेस की जीत के पीछे सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत केंद्रीय नेतृत्व और स्टेट लीडरशिप की मेहनत का नतीजा है। मैंने पहले ही कहा था उसी के अनुरूप हुआ है कि भ्रष्टाचारियों पर बजरंग बली की गदा पड़ी है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिखाई देता दिख रहा है। इस समय कांग्रेस को 113, भाजपा 83, जेडीएस को 15 और अन्य को दो सीटें मिलती दिख रही हैं। 10 मई को सूबे की 224 विधानसभा सीटों पर 72.82 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे। इस बार चुनाव में कुल 2,615 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है।

चुनाव के नतीजे का रुझान आने के बाद से ही रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। इस बीच कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाई।

Check Also

महाराजगंज में व्यवसाई को गोली मारने का प्रयास

मेदिनीनगर, 6 जून (हि.स.)। झारखंड के हरिहरगंज से सटे सीमावर्ती बिहार के कुटुंबा थाना क्षेत्र …