पीएम मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों को ‘वंदे भारत ट्रेन’ का तोहफा दिया है. पीएम मोदी ने ओडिशा में पुरी-हावड़ा रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘वंदे भारत ट्रेन’ आधुनिक भारत और आकांक्षी भारतीयों, दोनों का प्रतीक बन रही है.
आज जब ‘वंदे भारत’ एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाता है, तो यह भारत की गति और प्रगति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनें इस अमृतकाल में विकास का इंजन भी बन रही हैं और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी आगे बढ़ा रही हैं।
‘भारत ने विकास की रफ्तार कायम रखी’
पिछले कुछ वर्षों में, भारत ने सबसे कठिन वैश्विक परिस्थितियों में भी अपनी विकास गति को बनाए रखा है। इसके पीछे एक बड़ा कारण इस विकास में हर राज्य की भागीदारी है, हर राज्य के साथ देश आगे बढ़ रहा है। आज का नया भारत खुद तकनीक भी बना रहा है और तेजी से देश के कोने-कोने में नई सुविधाएं पहुंचा रहा है। ये है वंदे भारत ट्रेन, इसे भारत ने खुद बनाया है।