नेताओं के भरोसे न छोड़े अपनी समस्याएं: निश्चलानंद सरस्वती

रांची, 16 मार्च (हि.स.)। पुरी के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि केवल नेताओं पर आम जनमानस को अपनी समस्याएं नहीं छोड़नी चाहिए। बल्कि स्वयं अपने क्षेत्र को समृद्ध बनाने का प्रयास करना चाहिए।

अपने क्षेत्र के उद्धार के लिए प्रत्येक परिवार से एक घंटा अपने क्षेत्र के मठ मंदिरों में और एक रुपए प्रतिदिन का दान करने का उन्होंने आह्वान किया ।

शंकराचार्य हरमू मैदान में गुरुवार को विराट धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शास्त्रों के आधार पर उद्भाषित किया की विकास की परिभाषा क्या होती है? सुसंकृत, सुशिक्षित, सुरक्षित, संपन्न, सेवापरायण, स्वस्थ, सारगर्भित्तव, व्यक्ति और समाज की संरचना।

शंकराचार्य ने कहा कि अपने क्षेत्र की 80 प्रतिशत समस्याएं उस क्षेत्र के व्यक्ति आपस में सामंजस्य साध कर सुलझा सकते हैं। उन्होंने राजनेताओं को भी आदेश दिया की विकास के नाम पर विनाश और उन्माद न फैलाएं, विकास की असली शास्त्रीय परिभाषा को समझे बिना विकास कुछ नहीं हो सकता।

शंकराचार्य ने यह भी कहा की शास्त्रों में वर्णन है राष्ट्र पर जब हमला होता है तो प्रत्येक व्यक्ति को शस्त्र उठाना चाहिए, माताओं को भी आत्म रक्षा का प्रशिक्षण होना चाहिए।

शंकराचार्य ने आने वाली पीढ़ी और उनके परिजनों को यह संदेश दिया कि बाल्य काल से ही बालकों को मार्शल आर्ट्स आदि का प्रशिक्षण देना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी तन और मन से स्वस्थ हो।

उन्होंने कहा की गौवंश पृथ्वी का धारक है, गौवंश प्रकृति का अभिन्न और महत्वपूर्ण अंग है।

शंकराचार्य ने झारखंड के मुख्यमंत्री को यह आदेश दिया की एक ज़िले की पांच दिशाओं अर्थात पूर्व पश्चिम उत्तर दक्षिण और मध्य में 25-25 एक्कड़ भूमि गोचर भूमि के रूप में आवंटित करनी चाहिए।

इससे पूर्व शंकराचार्य गुरुवार को सुबह 8.30 बजे जम्मूतवी सम्बलपुल एक्सप्रेस से रांची रेलवे स्टेशन पहुंचे।

झारखंडी परंपरा ढोल-नगाड़े एवं पुष्पवर्षा के साथ भक्तों की उमड़ी भीड़ ने उनका स्वागत किया।

शंकराचार्य चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत रांची आये है।

रांची स्टेशन पर में शंकराचार्य का झारखंड के पारंपरिक तरीके से मांदर-नगाड़ा, पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। वह रेलवे स्टेशन से सीधे सेल सिटी गए जहां वैदिक रीति के मुताबिक शंकराचार्य का स्वागत किया गया।

बताया गया कि शंकराचार्य का अगला कार्यक्रम 17 मार्च को सुबह 11:30 बजे सेल सिटी स्थित रिटायर्ड डीआईजी राजीव रंजन सिंह के निवास पर प्रश्नोत्तर कार्यक्रम का रहेगा। संध्या 5:30 बजे से सेल सिटी स्थित वॉलीबॉल ग्राउंड में धर्म सभा का आयोजन होगा।

आदित्य वाहिनी के प्रदेश संयोजक शिशिर ठाकुर ने स्वागत करते हुए अपने सबोधन मे कहा कि गुरु जी का दर्शन मात्र से जीवन धन्य हो गया है।

कार्यक्रम में विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल, लुईस मरांडी, गणेश मिश्रा, उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, भूषण झा, पूर्व आईपीएस राजीव रंजन सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, पंकज सिन्हा, नीरज सिंह, जयंत झा, अशोक बड़ाईक, अंचल तिवारी, सूरज चौरसिया, डॉ समर सिंह, सहित कई लोग उपस्थित थे।

Check Also

रामनवमी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 3500 जवानों की होगी तैनाती

रांची, 28 मार्च (हि.स.)। रांची में रामनवमी को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के …