वर्षा पूर्व नगर निगम का चल रहा सफाई अभियान

धमतरी :  नगर निगम द्वारा वर्षा पूर्व सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है। शहर के 40 वार्ड में नगर निगम द्वारा शहर की मुख्य निकासी नालियों व आउटर की निकासी नालियों की सफाई कराई जा रही है। उम्मीद है कि इस साल वर्षा के मौसम में निकासी की समस्या से लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के अलावा शहर के वार्ड के नालियों की भी सफाई कराई जा रही है।

धमतरी नगर निगम क्षेत्र में वर्षा के दिनों में अक्सर निकासी की समस्या गहरा जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए नगर निगम द्वारा ग्रीष्म ऋतु में ही निकासी नालियों की बड़े पैमाने पर सफाई कराई जा रही है, ताकि वर्षा के मौसम में शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मानसून के पूर्व निकासी व्यवस्था बनाने निगम युद्धस्तर पर जुटा हुआ है। इसके तहत जेसीबी वाहन, ट्रैक्टर्र, पोकलैंड मशीन की सहायता से हाइवे में स्थित बड़ी नालियों की सफाई की जा रही है। क्योंकि हाइवे की निकासी हर साल एक बड़ी चुनौती बनकर उभरती है। इसका खमियाजा लोगों को आवागमन बाधित सहित अन्य समस्याओं का सामना कर भुगतना पड़ता है। इसे समस्या को दूर करने निगम अमला डटा हुआ है। निगम द्वारा मानसून के पूर्व निकासी व्यावस्था दुरुस्त की जा रही है। इसके तहत शहरी क्षेत्र की बड़ी नालियों सहित नालों की सफाई हो रही है। हाइवे की निकासी को लेकर इस बार गंभीरता पूर्वक ध्यान दिया जा रहा है। क्योंकि पीडी नाला के चलते घड़ी चौक से लेकर रत्नाबांधा चौक तक हाइवे में घुटनों से भी अधिक पानी भर जाता है। इससे आवागमन बधित होने के अलावा लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शहर में हाइवे की निकासी एक बड़ी चुनौती है। क्योंकि हर साल इस समस्या को दूर करने नए नए प्रयोग किए जाते हैं, लेकिन तेज बारिश होने पर यह समस्या पुनः उत्पन्न हो जाती है। इसे गंभीरता से लिया गया है। इस बार नाली के उपर बने स्लेब को तोड़ जेसीबी के माध्यम से सफाई की जा रही है। गोकुलुपुर वार्ड के महेश कुमार साहू, बंशी साहू, रामपुर वार्ड के अजय कुमार साहू का कहना है कि नाली जाम करने वाले और बिना अनुमति के स्लैब ढालने वालों पर कार्रवाई की जाए।

मानसून पूर्व निकासी व्यवस्था की जा रही दुरुस्त

धमतरी नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने मंगलवार को बताया कि मानसून के पूर्व निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। बड़े नालों में निकासी की समस्या ज्यादा गंभीर रहती है। उक्त स्थलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ताकि बारिश में निकासी समस्या उत्पन्न न हो। कुछ लोगों द्वारा नालियों में कचरा सहित अन्य सामाग्री फेंक दिया जाता है। इससे निकासी अवरुद्ध होता है। नाली में किसी भी प्रकार के कचरा न फेंकने की अपील लोगों से की गई है।

Check Also

संसद के बाद अब राम मंदिर की बारी, भूतल तैयार

नवनिर्मित संसद भवन के उद्घाटन के बाद अब बारी राम मंदिर की है. अयोध्या में …