हिसार, 12 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन भूूपेन्द्र ने कहा है कि कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा से कांग्रेस को कोई लाभ होने वाला नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर हो रही अपनी पार्टी की टूट से जनता का ध्यान हटाने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।
राहुल गांधी की यात्रा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैप्टन भूपेन्द्र ने गुरूवार को कहा कि देश की जनता कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल को भूली नहीं है। कांग्रेस शासन में देश में भ्रष्टाचार व घोटालों की बाढ़ आई थी, आए दिन बड़े-बड़े अपराध होना आम बात हो गई थी। देश की राजधानी दिल्ली में भी जबरदस्त अपराध होते थे। इन्हीं सब बातों से तंग आकर देश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर करके नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को सत्ता सौंपी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के लगभग साढ़े आठ साल के कार्यकाल के दौरान न केवल देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है, बल्कि विदेशों में भारत का मान—सम्मान बढ़ा है। ऐसे में इस यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी किस प्रकार भाजपा को सत्ता से बाहर करने की बात कह रहे हैं, यह समझ से परे है।