शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान जयराम ठाकुर और नड्डा के बीच हिमाचल प्रदेश में वर्तमान राजनीतिक स्थितियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच कई संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में किस प्रकार से चुनाव लड़ना है उसका रोडमैप पार्टी जल्द तैयार करने जा रही है। इसको लेकर भी दोनों नेताओं में चर्चा की गई। वर्ष 2024 के लक्ष्य को लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है और किस प्रकार से धरातल पर पार्टी को मजबूत बनाकर राज्य की चारों सीटों पर विजय प्राप्त करना है इसको लेकर भाजपा गहन चिंतन कर रही है।
प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप चुनाव जीते। इसी प्रकार कांगड़ा से भाजपा के वरिष्ठ नेता किशन कपूर और हमीरपुर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सांसद हैं। जब 2019 में लोकसभा का चुनाव हुआ था तब भाजपा ने हिमाचल में प्रचंड जीत हासिल की थी, तब सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को बढ़त मिली थी। कांगड़ा में भाजपा ने 4,77,623, मंडी में 4,05,559, हमीरपुर में 3,99,572 और शिमला में 3,27,515 के मार्जिन से जीत दर्ज की थी।