खाना अगर स्वादिष्ट बनाना हो तो उसमें जितना अहम योगदान मसालों का है। उतना ही अहम योगदान नमक का भी रहता है। नमक के बिना खाना अधूरा बना रहता है। नमक खाने में स्वाद और शरीर को आयोडीन मिलता है। आयोडीन शरीर में थायराइड ग्रंथि के काम को रेगुलेट करने में मदद करता है। नमक में सोडियम पाया जाता है। लिहाजा जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर हाई ब्लड प्रेशर, किडनी की समस्या, हार्ट, मोटापा, स्किन से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
वैसे भी नमक एक ऐसी चीज है जिसके बिना खाने की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। खाने में नमक की मात्रा कम या ज्यादा होने पर खाने का स्वाद बिल्कुल ही खराब हो जाता है। ऐसे बहुत से लोग हैं जो खाने में नमक ज्यादा खाते हैं। नमक का सेवन ज्यादा करने से सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंच सकता है।
जरूरत से ज्यादा नमक सेवन से नुकसान
कहते हैं कि इंसान को दिनभर में 5 ग्राम नमक की जरूरत होती है। यह तंत्रिकाओं और मांसपेशियों के ठीक से काम करने के लिए जरूरी है। सोडियम, नमक का अहम हिस्सा है। अगर आप ज्यादा नमक खाते हैं तो कई तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। R. V. आयुर्वेद अस्पताल मुंबई के डॉक्टर अव्हाड गोरक्षनाथ (Dr. Avhad Gorakshnath) का कहना है कि जरूरत से ज्यादा नमक के सेवन से मोटापा, यूरिक एसिड बढ़ सकता है। वहीं खून खराबी की समस्या भी आ सकती है। इसके साथ ही किडनी पर भी असर करता है। वहीं स्किन से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ सकती है। इससे कोलेस्ट्रॉल की समस्या बढ़ सकती है।
इन लक्षणों को कभी न करें इग्नोर
वहीं ज्यादा नमक वाली चीजों का सेवन करने से मुंह सूखने लगता है। जिस वजह से बार-बार प्यास लगती है। अगर आप सोने से पहले ज्यादा सोडियम वाली चीजों का सेवन करते हैं तो इससे आपको नींद ना आने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। रात में सोने से पहले ज्यादा नमक वाली चीजें खाने से नींद ना आना, बेचैनी महसूस होना और रात में बार-बार जगने की समस्या हो सकती है।