
होममेड स्क्रब: स्किन केयर में स्क्रबिंग बहुत जरूरी है। स्क्रबिंग से त्वचा की अंदर से सफाई होती है। साथ ही मुंहासे जैसी समस्याएं कम होती हैं। आमतौर पर फेसवॉश से चेहरा साफ किया जाता है, लेकिन हर कुछ दिनों में त्वचा की डीप क्लीनिंग भी जरूरी है। स्क्रब खासतौर पर नाक के आसपास की डेड स्किन और ब्लैकहेड्स हटाने के लिए उपयोगी होते हैं। बाजार में रेडीमेड स्क्रब भी मिलते हैं, लेकिन आप घर पर मौजूद चीजों की मदद से भी स्क्रब कर सकते हैं। ये चीजें प्राकृतिक होती हैं, इसलिए साइड इफेक्ट की चिंता किए बिना इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
प्रदूषण, धूल-मिट्टी की वजह से त्वचा पर गंदगी जम जाती है जिससे त्वचा संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। इन चीजों के साथ ही त्वचा पर डेड स्किन भी जम जाती है जिसे नॉर्मल फेसवॉश से नहीं हटाया जा सकता। इसे साफ करने के लिए स्क्रबिंग करना जरूरी होता है। त्वचा पर जमी गंदगी को हटाने के लिए हर कुछ दिनों में त्वचा को एक्सफोलिएट करने की जरूरत होती है। आज हम आपको ऐसी चीजों के बारे में बताते हैं जो त्वचा को एक्सफोलिएट करने में मदद कर सकती हैं।
चेहरे के लिए प्राकृतिक कॉफी स्क्रब कैसे बनाएं
घर पर कॉफी स्क्रब बनाने के लिए 1 चम्मच बेसन, 1 चम्मच कॉफी और इसमें कच्चा दूध मिलाएं। यह मिश्रण गाढ़ा होना चाहिए। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और हल्के हाथों से मसाज करें। 5 मिनट तक मसाज करें और चेहरा धो लें। इस स्क्रब से त्वचा मुलायम होगी और ग्लो भी आएगा।
दाल का स्क्रब कैसे बनाएं
चेहरे के साथ-साथ शरीर से भी डेड स्किन हटाना बहुत जरूरी है। इसके लिए मसूर की दाल को सूखा भूनकर उसका पाउडर बना लें। अब इसमें मुलेठी पाउडर, मुल्तानी मिट्टी और शहद मिलाएं और पेस्ट को 1 घंटे के लिए लगा रहने दें। फिर इसे स्क्रब की तरह इस्तेमाल करें।
चीनी और शहद का स्क्रब कैसे बनाएं
चेहरे और शरीर की त्वचा के साथ-साथ होठों से भी मृत त्वचा को हटाना जरूरी है। इसके लिए 1 चम्मच चीनी पाउडर लें, उसमें शहद और बादाम का तेल मिलाएं, इसे होठों पर लगाएं और धीरे-धीरे मसाज करें। 2 मिनट बाद रुई की मदद से होठों को साफ कर लें।