गुरुदेव भारत के प्रेरणा पुरुष: अमित शाह

कोलकाता, 9 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांस्कृतिक संगठन खोला हवा की ओर से कोलकाता के साइंस सिटी में आयोजित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने अपने सम्बोधन में गुरुदेव को भारत का प्रेरणा पुरुष बताया है।

अमित शाह ने कहा कि टैगोर दुनिया के एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने दो देशों का राष्ट्रगान लिखा है- भारत और बांग्लादेश का। दुनिया में ऐसा कोई और उदाहरण नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्धारित पांच विषयों को लेकर आया हूं। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि स्वाधीनता के 75 वर्ष के मौके पर गुमनाम स्वतंत्रता संग्रामियों के बारे में पूरा देश जाने। इसके लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं और होने चाहिए। 75 सालों में देश ने क्या हासिल किया, लोकतांत्रिक तौर पर, आर्थिक तौर पर और साहित्यिक तौर पर, इसकी जानकारी प्रचारित की जानी चाहिए। इसके साथ ही जब देश आजादी का 100वां महोत्सव मनाएगा, उसके लिए हमारा क्या कुछ लक्ष्य है, उस पर काम किया जाना चाहिए।

पश्चिम बंगाल की धनी संस्कृति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल कला साहित्य दर्शन को एक साथ लेकर चलने वाला राज्य है। संस्कृति मंत्रालय ने यहां गुरुदेव जयंती पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया है, उसके लिए धन्यवाद। देश की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक पहचान का उदाहरण अगर किसी एक व्यक्ति की प्रेरणा से देखा जा सकता है तो वह गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर हैं।

Check Also

यमुनानगर: शाहबाद लाठीचार्ज में किसानों की रिहाई हो : रामवीर चौहान

यमुनानगर, 08 जून (हि.स.)। किसानों ने अपनी मांगों व समस्याओं को लेकर गुरुवार को भारतीय …