एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा से जुड़ा एक और नया अपडेट सामने आया है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिस फिल्म स्टूडियो में अभिनेत्री तुनिषा शर्मा का शव मिला था, वह 12 मई की आधी रात को आग की चपेट में आ गई थी। यह फिल्म स्टूडियो तुनिषा शर्मा की मौत के बाद से चर्चा में था। तुनिषा शर्मा ने इसी फिल्म स्टूडियो के सेट पर आत्महत्या की थी। अभिनेत्री की मौत अभी भी एक रहस्य है।
सबूत मिटाने की कोशिश!
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई के बाहरी इलाके में भजनलाल स्टूडियो में शुक्रवार आधी रात को आग लग गई। सवाल यह है कि फिल्म स्टूडियो में असली आग लगी थी या फिर तुनिषा शर्मा की मौत के सबूत मिटाने के लिए कोई नया खेल खेला गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं कि क्या ये एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा केस से जनता का ध्यान भटकाने की साजिश है?
वसई-विरार शहर नगर निगम के एक अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आग पर 13 मई को सुबह करीब 4:00 बजे काबू पा लिया गया था। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अज्ञात है।
यह वही स्टूडियो है जहां 24 दिसंबर 2022 को टीवी शो ‘अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल’ के सेट पर तुनिषा शर्मा ने आत्महत्या की थी। उनके सह-कलाकार और पूर्व प्रेमी शिजान खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब शिजान को जमानत मिल गई है। शिजान खान एक रियलिटी शो में भी नजर आएंगे। कोर्ट ने उन्हें काम के सिलसिले में विदेश जाने की भी इजाजत दे दी है।