फतेहपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के थरियांव थाना में तैनात महिला कांस्टेबल ने सोमवार बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। थाना परिसर में बने तीसरी मंजिल आवास पर लटकता शव मिलने से थाने में अफरातफरी मच गई। परिजनों का आरोप है कि महिला कांस्टेबल के भाई का साला उसे फोन करके परेशान करता था। रविवार को देर रात उसने कई बार फोन किया। दोनों में कुछ कहासुनी हुई, इसके बाद महिला कांस्टेबल ने कमरे में फांसी लगा लिया। थानाध्यक्ष ने शव को फंदे से उतरवाया और जिला अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक महिला कांस्टेबल जौनपुर जनपद के पतौरा गांव निवासी संकठा प्रसाद की पुत्री प्रियंका सरोज जो फतेहपुर जनपद के थाना थरियांव में पांच वर्ष से तैनात थी। पुलिस परिसर में ही पुलिस कर्मियों की बनी तीसरी मंजिल बैरिक में रहती थी। रविवार को देर रात ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे में चली गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।
सूचना पाकर पहुंचे पिता संकठा प्रसाद ने आरोप लगाते हुए बताया कि मेरे लड़के का साला डॉ. चंदन बेटी प्रियंका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, वह बेटी से शादी तोड़ने के लिए दबाव बनाता था। इस वजह से वह परेशान थी। रविवार को रात 12:00 से 1:00 बजे के बीच उसने कई बार फोन किया, जिससे परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या कर लिया। बाद में उसने कई बार बेटी को फोन कॉल किया जब फोन रिसीव नहीं हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला कांस्टेबल ने रात में ड्यूटी करने के उपरांत थाना परिसर में बने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जिसकी जांच कराई जा रही है।