मीरजापुर, 21 अगस्त (हि.स.)। विकास खंड स्तरीय खरीफ कृषि निवेश व जैविक मेला पटेहरा के परिसर में बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए विधायक मड़िहान रमाशंकर पटेल ने किसानों को परंपरागत खेती के साथ ही श्रीअन्न और औद्यानिक खेती करने को प्रेरित किया। कहा कि किसान प्राकृतिक व जैविक खेती कर आय में वृद्धि कर सकते हैं।
उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने प्रधानमंत्री किसान, फसल बीमा, कुसुम योजना, एग्री जंक्शन व कृषि यंत्रीकरण के बारे में किसानों को जानकारी दी। जनपद सलाहकार डाॅ. सुधीर श्रीवास्तव ने श्रीअन्न की खेती तथा उनसे होने वाले लाभों के बार में बताया। किसानों को जैव उर्वरक का महत्व व उसके प्रयोग की विधि पर चर्चा की। स्वायल लैंड यूज सर्वे आफ इंडिया, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के वैज्ञानिक डा. एसएन सिंह ने धान के फसल में लगने वाले कीड़ों से बचाव के बारे में बताया। उन्हाेंने कहा कि कीड़ों से बचाव के लिए रीजेंट दवा एक किग्रा प्रति हेक्टेयर छिड़काव करें। प्रगतिशील किसान योगेन्द्र सिंह ने जैविक व प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी। साथ ही सजीव प्रयोग भी करके दिखाया। विवेक कुमार ने कृषि रक्षा कीटनाशक दवाओं के बारे बताया। पंकज मिश्र ने मृदा स्वास्थ्य को सही रखने के बारे में बताया। किसान कमलेश, यमुना, बाबू लाल, कृपाशंकर, चन्द्रबली, राजेश, सूर्यनाथ, रमाशंकर व बद्री को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया। संचालन एडीओ कृषि संतोष कुमार कुशवाहा ने किया।