भाजपा सरकार ने जैसी कार्रवाई की वैसी अंग्रेजों ने भी नहीं क‍िया : पूर्व मंत्री श‍िव डहर‍िया

15dc5ed963777a7157adbe489dc8f70a

रायपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। बलौदाबाजार हिंसा मामले में आज शुक्रवार काे कांग्रेस ने पत्रकारवार्ता का आयोजन क‍िया। इस दौरान पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास सतनामी समाज के असली गुरु हैं। सभी बाबा गुरु घासीदास को मानते हैं। बाबा जी के वंश में पैदा होने से कोई गुरु नहीं हो जाते हैं। समाज के 80 प्रतिशत लोग गुरु प्रथा को बंद करना चाहते हैं। सतनामी समाज एक है। समाज के कई गुरु अवसरवादी लोग हैं, कांग्रेस की सरकार में कांग्रेस की ओर थे, अब भाजपा में चले गए। उन्होंने कहा कि जो गुरु भाजपा में चले गए हैं, उनकी स्वीकारता अब नहीं रह गई है।

उल्‍लेखनीय है क‍ि कांग्रेस के पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू और शिव डहरिया ने मिलकर पत्रकारवार्ता आयोजित की थी, जिसमें उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। पूर्व मंत्री डहरिया ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को साजिशन फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा की अंग्रेजों से तुलना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जैसी कार्रवाई की, अंग्रेजों ने भी नहीं किया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सतनामी समाज और कांग्रेस को बदनाम करना चाहती है। अपनी नाकामी को छुपाने के लिए सरकार ने ऐसी कार्रवाई की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत से षड्यंत्र के खिलाफ लड़ेगी। सरकारी दमन से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। इस दौरान विधायक इंद्र साव और एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय भी मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि अमर गुफा में जैतखंभ को काटे जाने को लेकर सतनामी समाज के लोगों ने सीबीआई जांच की मांग की थी। प्रशासन ने जांच नहीं की। तीन घंटों तक प्रदर्शन चलता रहा, सरकार का इंटेलीजेंस फेल हो गया था। कलेक्ट्रेट सहित एसपी कार्यालय को जला दिया गया।

उन्होंने भाजपा सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि बलौदाबाजार मामले के लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार है। कांग्रेस प्रतिनिधियों को जेल में डालने का काम किया गया। इस तरह की कार्रवाई कभी अंग्रेजों ने भी नहीं की थी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सभी जिलों में प्रदर्शन कर सरकार की साजिश को बेकनाव करेगी।