धमतरी : ग्रीष्म ऋतु आने के साथ ही शहर के कुछ वार्डों में पानी की समस्या आने लगी है जिसके चलते वार्डवासियों को पेयजल का संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम द्वारा विभिन्न संसाधनों से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, इसके बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। विवेकानंद वार्ड में पानी संकट के चलते वार्डवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम को प्राथमिकता के साथ इस वार्ड में पेयजल की आपूर्ति कराई जानी चाहिए।
विवेकानंद वार्ड में बोर से पानी सप्लाई नहीं होने से पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विवेकानंद वार्ड की बिंदा बाई, सोहद्रा बाई, अरुण कुमार, भूपेन्द्र कुमार, चंद्रकांत आदि ने बताया कि वार्ड में निगम के बोर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति होती है। लेकिन गुरुवार सुबह टेपनलों में कुछ समय के लिए पानी आया। इसके बाद अचानक से बंद हो गया। इससे सुबह लोगो को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलने से उन्हें काफी दिक्कतें हुई। वहीं शाम को टेपनल चालू ही नहीं हुआ, इससे स्थिति और विकट हो गई। टेपनलों में पानी नहीं आने से लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ा। प्रभावित लोगों ने जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग निगम से की है।
पार्षद सुशीला तिवारी का कहना है कि वार्डवासियों द्वारा जानकारी मिली कि टेपनलों पानी नहीं आ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए इस समस्या से उन्होंने निगम को तत्काल अवगत कराया। इसके बाद निगम कर्मी सुधार कार्य में लग गए। मालूम कि धमतरी शहर के 40 वार्डों में नगर निगम द्वारा विभिन्न संस संसाधनों द्वारा पेयजल की आपूर्ति कराई जाती है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ओवरहेड टैंक, विभिन्न वार्ड में लगे मोटर पंप के सहारे वार्डवासियों को सुबह और शाम के समय में पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। गर्मी के मौसम में कई स्थानों पर जलस्तर घट जाने से मोटर पंप में आशानुरूप पानी नहीं आ रहा है, जिसके कारण पानी की समस्या आ रही है।
पानी की गंभीर समस्या नहीं है
नगर निगम के एमआईसी मेंबर व जल कार्य प्रभारी अवैश हाशमी ने कहा कि शहर के 40 वार्डों में समुचित रूप से पेयजल की आपूर्ति कराई जा रही है। कहीं पर भी गंभीर समस्या नहीं है। जहां भी पानी की समस्या की शिकायत मिल रही है वहां नगर निगम के टैंकर द्वारा पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। यदि किसी को कोई समस्या है तो वे नगर निगम कार्यालय में आकर अपनी समस्या शिकायत दर्ज करा सकते हैं।