कठुआ : कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत मिलने पर पार्टी में खुशी की लहर है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन से कांग्रेस पार्टी कठुआ इकाई के कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
शानिवार को कर्नाटक चुनाव के नतीजे आते ही कांग्रेस पार्टी कठुआ कार्यालय में जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा के साथ कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुबारकबाद दी। जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा ने कहा कि इस चुनाव में नरेंद्र मोदी का फैक्टर नहीं चला। अब नरेंद्र मोदी का जादू खत्म हो गया है। भाजपा ने इस चुनाव में धार्मिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की थी। लेकिन नतीजों से यह साफ हो गया कि बजरंगबली कांग्रेस के साथ है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस मुक्त की बात करते थे वो अब कर्नाटक से मुक्त हो गए हैं। डोगरा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बाद अब कर्नाटक में मिली जीत से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। कांग्रेस की जीत पर उन्होंने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और नफ़रत के खिलाफ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान से शुरू हुए संदेश को हिमाचल के बाद अब कर्नाटक ने स्वीकार करते हुए देश को रास्ता दिखाया है। और 2024 में भारत जुड़ेगा और नफ़रत पूरी तरह हारेगी। इस अवसर पर रविंद्र पाल सिंह, निर्दोश शर्मा, पवन शर्मा, योगराज, बिशू अंडोत्रा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।