कैबिनेट मंत्री कटारूचक्क के बचाव में आए सीएम मान, बोले नहीं मिला इस्तीफा

चंडीगढ़ : पंजाब के खाद्य आपूर्ति मंत्री के वायरल वीडियो लेकर विपक्षी दलों ने सरकार को घेरा है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया है कि लालचंद कटारूचक्क ने न इस्तीफा दिया है और न ही उनके पास कोई वीडियो आया है।

चंडीगढ़ सचिवालय में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क का बचाव किया। कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने सोमवार की शाम राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मुलाकात करके उन्हें एक वीडियो सौंपते हुए जांच की मांग की थी। यह वीडियो कथित तौर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क का होने का दावा किया गया है।

इस वीडियो में जिस व्यक्ति के कटारूचक्क होने का दावा किया जा रहा है, वह एक लड़के के साथ अनैतिक कार्य कर रहा है। खैहरा के बाद भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक ट्वीट करके मंत्री का नाम सार्वजनिक कर दिया। इस मुद्दे पर भगवंत मान ने कहा कि उनके पास कटारूचक्क का इस्तीफा नहीं आया है और न ही उन्होंने किसी तरह का वीडियो देखा है।

भगवंत मान ने कहा कि खैहरा, सिरसा और मजीठिया तीनों एक जैसे ही हैं। कई बार वह आपस में सलाह नहीं कर पाते और तीनों एक ही बात बोल जाते हैं। मान ने कहा कि मनजिंदर सिंह सिरसा और सुखपाल खैहरा की एक जैसी तासीर है। दोनों पार्टियां बदलने और इस्तीफा देने के माहिर हैं। जालंधर में इनके पास कोई मुद्दा नहीं है। दोनों बौखलाहट में बोलते रहते हैं।

Check Also

महाराजगंज में व्यवसाई को गोली मारने का प्रयास

मेदिनीनगर, 6 जून (हि.स.)। झारखंड के हरिहरगंज से सटे सीमावर्ती बिहार के कुटुंबा थाना क्षेत्र …