ऐतिहासिक होगी तोरपा में भाजपा की संकल्प यात्रा : कोचे मुंडा

खूंटी, 19 सितंबर (हि.स.)। राज्य की हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। तोरपा में 21 सितंबर को होनेवाली संकल्प यात्रा ऐतिहासिक होगी।

बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा और जनसभा में दस हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। ये बातें तोरपा के विधायक कोचे मुंडा ने कही। विधायक मंगलवार को संकल्प यात्रा की सफलता के लिए निकाले गये प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद स्थानीय पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

कोचे मुंडा ने कहा कि प्रचार वाहन तोरपा विधानसभा के तोरपा, कर्रा और सिमडेगा जिले बानो प्रखंड के गांव-गांव में संकल्प यात्रा को लेकर प्रचार प्रसार करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है और राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुकी है। मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य संतोष जयसवाल, जिलाध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष कृपा सिंधु बेहरा, महावीर साहू सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।