जातीय गणना पर भाजपा का दोहरा चरित्र : उमेश कुशवाहा

पटना, 9 मई (हि.स.)। बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रत्यक्ष रूप से जाति आधारित गणना के विरोध में खड़े होने की साहस नहीं है, इसीलिए भाजपा जाति आधारित गणना में अड़ंगा लगा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि इधर-उधर की बात करने के बजाए भाजपा को जाति आधारित गणना पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उनके दोहरी नीति से प्रदेश की जनता में ऊहापोह और अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। जातीय गणना पर भाजपा का दोहरा रवैया बिहार के हित में कतई नहीं है।

उन्होंने कहा कि जाति आधारित गणना और आर्थिक सर्वेक्षण के विरोध में कोर्ट में याचिका दायर करने वाले लोग भाजपा के राजनीतिक एजेन्ट हैं। भाजपा के इशारे पर ही उनलोगों ने न्यायालय में जातीय गणना के खिलाफ याचिका दायर करने का काम किया है और बिहार की जनता इस बात को अच्छे से समझती है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जातीय गणना को लेकर भाजपा की नीयत साफ नहीं है। इनकी मानसिकता दलित और गरीब विरोधी है। शोषित समाज सशक्त होते देखना भाजपा को पसंद नहीं आ रहा है, इसीलिए ये लोग जानबूझकर जातीय गणना में अड़ंगा लगा रहे हैं।

Check Also

नगरपालिका आम निर्वाचन की तैयारियां पूर्ण

किशनगंज,08 जून (हि.स.)। अपर जिला दंडाधिकारी अनुज कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय …