अनूपपुर: भाजपा जिला महामंत्री का पद और पार्टी से त्यागपत्र, कहा- निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हो रहा तिरस्कार और अपमान

अनूपपुर, 23 मई (हि.स.)। मप्र विधानसाभ का समय जैसे- जैसे करीब आ रहा हैं, वैसे-वैसे राजनैतिक दलों के नेताओं में नाराजगी बढ़ती जा रहीं हैं। पार्टियों में गुटबाजी सामने आने के साथ सड़कों पर दिखाई दे रहीं हैं। एक तरफ जहां सोमवार को ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अनूपपुर में पार्टी की बैठक कर कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकात की और इसके साथ ही पार्टी को संगठित करने और मजबूत करने का मंत्र भी दिया। वहीं दूसरी तरफ भाजपा जिला महामंत्री का बैठक से अनुपस्थित होना चर्चा का विषय बन गया था। अब मंगलवार को जिला महामंत्री ने पार्टी की उपेक्षा से आहत कई अरोप लगाते हुए त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष को भेजा है। त्याग पत्र में उन्होंने पार्टी में चापलूसी और धन को तवज्जो दिए जाने का आरोप लगाया है। उनके इस्तीफे की जिला अध्यक्ष ने पुष्टि कर की है। वह भारतीय जनता पार्टी अनूपपुर के दो कार्यकाल में लगभग 7 साल महामंत्री के पद में रहें।

भाजपा महामंत्री अखिलेश कुमार द्विवेदी ने पार्टी पर खुलकर आरोप लगाए और कहा कि अब पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं का तिरस्कार और अपमान हो रहा है और उसकी जगह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, धन और चापलूसी को तवज्जो दी जा रही है। अपने त्यागपत्र में जिला महामंत्री ने लिखा कि मैं अखिलेश कुमार द्विवेदी भारतीय जनता पार्टी में बाल्य काल से बूथ में चुनाव अभिकर्ता से लेकर जिला महामंत्री के साथ-साथ पार्टी के द्वारा दिए गए दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करने का प्रयास करता रहा हूं। सदैव पार्टी को अपने परिवार एवं अपने व्यवसाय के ऊपर प्राथमिकता दिया है, किंतु आज भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश से लेकर जिला तक पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति उपेक्षा, तिरस्कार व अपमानित करने का क्रम लगातार चल रहा है। आज पार्टी में निष्ठा और कार्य का स्थान एबीवीपी का प्रमाण पत्र, चापलूसी एवं धन होने ने ले लिया है। आज पार्टी में रहने के लिए उपरोक्त गुणों का होना आवश्यक है। चाहे उनके द्वारा कितनी ही बार पार्टी से विश्वासघात क्यों न किया गया हो, उन्हें पार्टी में सम्मान मिलेगा और उनकी बात सुनी जाएगी। इस सब में मैं अपने आप को असहज महसूस करता हूं। इन कारणों से भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा संयोजक, जिला महामंत्री के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं।

आरोप तो लगते रहते हैं

वहीं इस पूरे मामले पर जिला मीडिया प्रभारी भाजपा राजेश सिंह ने कहा कि उन्होंने इस्तीफा दिया है। प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष दोनों को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा है। पार्टी पर आरोप तो लगते रहते हैं।

Check Also

सरकारी छात्रावासों में यह कितना सुरक्षित है? दुष्कर्म-हत्या मामले के बाद भारी आक्रोश

मुंबई: मुंबई के मरीन लाइन्स इलाके में एक सरकारी छात्रावास के छात्र की हत्या के …