आगरा : आगरा के थाना ट्रांस यमुना में शादी समारोह से चोरी के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 100 फुटा चौराहे से उसे गिरफ्तार किया और उसके पास से शादी समारोह में चोरी किये गए जेवरात भी बरामद किए हैं।
मामला आगरा जनपद के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र का है। यहां त्रिदेव फार्म हाउस में शादी समारोह से चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकरी के अनुसार त्रिदेव फार्म हाउस में 2 मई को शादी थी। इस शादी समारोह में सुबह चोरी की घटना का पता चलने के बाद थाना ट्रांस यमुना में सूचना दी गयी। इसके पश्चात थाना पुलिस ने चोर की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान थाना ट्रांस यमुना पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर के 100 फुटा रोड पर होने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक पुत्र अनिल कुमार निवासी महावीर नगर थाना ट्रांस यमुना बताया जा रहा है। पुलिस को चोर के पास से 1 जोड़ी पायल, 1 अंगूठी, 1 बैंदा,1 मंगलसूत्र समेत 2,505 रुपए बरामद हुए हैं।