झांसी में 1000 से अधिक महिलाओं का समूह संचालित कर रहा सरसों तेल का प्लांट

D9f44cb50741be2536a3b156c08f8fc5

झांसी, 25 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश की योगी सरकार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित कर रही है। झांसी के बड़ागांव विकास खंड के ग्राम घुघुवा में स्वयं सहायता समूहों की 1000 से अधिक महिला सदस्यों ने मिलकर लगभग एक वर्ष पूर्व उज्ज्वला प्रेरणा लघु उद्योग की शुरुआत की और यहां सरसों का तेल निकालने का प्लांट शुरू किया गया। महिलाओं का अब तक का अनुभव उत्साहित करने वाला है और इस काम को बढ़ाने की तैयारी चल रही है।

एक साल पहले हुयी प्लांट की शुरुआत

लगभग एक साल पहले प्रायाेगिक तौर पर इस प्लांट की शुरुआत की गयी थी और उद्योग के संचालन के लिए 12 महिला सदस्यों की एक कमेटी बनाई गयी। शुरुआत में उद्योग इकाई से समूहों की 561 महिलाएं जुड़ी थी और अब इनकी संख्या बढ़कर 1000 से अधिक हो चुकी है। आजीविका मिशन की ओर से इन महिलाओं को तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया जाता है।

सफलतापूर्वक चल रहा तेल निकालने का काम

उज्ज्वला प्रेरणा लघु उद्योग की अध्यक्ष पार्वती देवी ने बताया कि वर्तमान समय में लगभग हर रोज 3 क्विंटल सरसो से तेल निकालने का काम किया जा रहा है। एक क्विंटल सरसो से लगभग 32 किलो तेल निकलता है। किसी तरह की दिक्कत सामने आती हैं तो उसमें आजीविका मिशन से जुड़े लोग मदद प्रदान करते हैं।