राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने हिन्दी दिवस की राज्यवासियों को दी बधाई

देहरादून, 13 सितम्बर (हि.स.)। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को हिन्दी दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह भाषा देश के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिन्दी के अधिक से अधिक प्रयोग का भी संकल्प लेना होगा।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने अपने संदेश में कहा है कि दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में से एक, ‘‘हिंदी’’ समर्थ और सक्षम भाषा है। हिंदी को समर्थ व सक्षम बनाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने भूमिका निभाई है। हिन्दी भाषा विश्वभर में फैले भारत वासियों को अपनत्व की डोर से जोड़ती है।

राज्यपाल ने कहा की सभी के प्रयासों का ही परिणाम है कि वैश्विक मंच पर हिन्दी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है। जिस पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि हिन्दी दिवस, हमें हमारी भाषा के साथ-साथ हमारे आदर्शों और मूल्यों के प्रति सजग रखने का कार्य भी करता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया है कि हिन्दी दिवस के अवसर पर हिन्दी के प्रचार-प्रसार और उपयोग का संकल्प लें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जारी अपने संदेश में कहा है कि हिन्दी मात्र भाषा ही नहीं है बल्कि हमारी सभ्यता व संस्कृति की भी पहचान है। आज आधिकारिक मंचों से लेकर शिक्षा तक में हिन्दी को अभूतपूर्व स्थान दिया जा रहा है। हिन्दी के गौरव को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने वैश्विक स्तर पर हिन्दी भाषा का और तेजी से प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताते हुए कहा कि देश की विभिन्न भाषाओं के साथ सामंजस्य बनाने की ताकत भी हिन्दी भाषा में है। हिन्दी भारत ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे अधिक लोकप्रिय भाषाओं में से एक है। राजभाषा हिन्दी की प्रतिष्ठा, गौरव एवं सम्मान के लिए हम सबको सहयोगी बनना होगा।

मुख्यमंत्री ने हिन्दी के गौरव और सम्मान के लिये सहयोगी बनने की अपील करते हुए कहा कि हिन्दी दिवस पर हमें अपने दैनिक जीवन में हिन्दी के अधिक से अधिक प्रयोग का भी संकल्प लेना होगा।