लीगेसी वेस्ट की बायोमाइनिंग व अन्य परियोजनाओं पर 49 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव।
- अधिकतर योजनाओं में सरकार की मदद
राज्य सरकार की ओर से पेश बजट में पटना नगर निगम को विशेष स्वच्छता अनुदान मद में 183 करोड़ 35 लाख 2 हजार रुपए जारी करने की स्वीकृति दी गई है। राजधानी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम की ओर से भी अपने बजट में विशेष तौर पर घोषणा की गई है।
सरकार की ओर से राशि जारी होने और केंद्रीय अनुदान की राशि मिलने के बाद नगर निगम ठोस कचरा प्रबंधन की योजनाओं को गति दे सकेगा। इसके तहत एक बड़ी राशि सफाई कर्मचारियों के वेतन व भत्ते पर खर्च होती है। दैनिक कर्मचारियों के वेतन-भत्ता मद में 62 करोड़ और एजेंसियों के माध्यम से लिए जाने वाले कर्मचारियों पर 68 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 48 करोड़ रुपए कचरा उठाने वाली गाड़ियों के तेल मद में इस साल खर्च होंगे।
सुधरेगी रैंकिंग
भाड़ा पर गाड़ी लिए जाने के लिए निगम प्रशासन ने 9 करोड़, गाड़ियों के रिपेयरिंग व मेंटनेंस पर 2.30 करोड़, स्वच्छता उपकरणों की खरीद पर 8 करोड़, गाड़ियों के इंश्योरेंस पर तीन करोड़ और ड्रेन को डिसिल्टिंग कराने पर 7.50 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है। निगम ने रामाचक बैरिया में जमा लीगेसी वेस्ट की बायोमाइनिंग व अन्य परियोजनाओं पर 49 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव दिया गया है। सरकार ने निगम की अधिकांश योजनाओं को लगभग मान लिया है।