करनाल | लोक निर्माण विभाग में मुख्यमंत्री खुला दरबार लगाकर जनता की समस्याएं सुनते हुए।
- आंदोलन में राजनीतिक लोग घुस गए, वे किसानों को समझाने नहीं दे रहे : सीएम
प्रदेश में बढ़ रही डीजल-पेट्रोल के दामों पर रविवार को सीएम मनोहरलाल ने कहा कि डीजल-पेट्रोल अपने देश में तो बनता नहीं है। इंपोर्ट होने पर सेंटर गवर्नमेंट की ड्यूटी होती है। यह महंगा-सस्ता होता रहता है। वहीं, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि तेल के बढ़ते दाम से किसान और आम जनता पर असर पड़ता है। इससे खाद, पेस्टीसाइड के रेट बढ़ेंगे। महंगाई और ज्यादा होगी।
सीएम मनोहरलाल ने कर्ण लेक पर कहा कि पेट्रोल-डीजल के इंपोर्ट पर सेंटर गवर्नमेंट की ड्यूटी होती है। उन सबको मिलाकर मार्केट के अनुसार रोजाना अप-डाउन होता है। कभी महंगा और कभी सस्ता भी होता है। बाकि स्टेट से हमारे यहां रेट कम है। हमारा वैट इतना नहीं है कि इसमें कम किया जा सके।
संतुलन बिठाकर रखना पड़ता है। सीएम ने कहा कि निगम में फर्जी टेंपरी आईडी में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कुछ राइस मिलर्स ने चावल वापस नहीं दिया है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। इसमें भी जाे दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसान आंदोलन पर सीएम ने कहा कि आंदोलन में राजनीतिक लोग पहुंच गए हैं, जो किसानों को समझने नहीं दे रहे हैं। तीन कृषि कानून किसान हित में हैं।
नगर निगम टेंपरेरी आईडी पर हुड्डा बोले- हर जगह हो रहे घोटाले
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी रविवार को पूर्व सांसद महेंद्र सिंह लाठर के निधन पर करनाल शहर में शोक जताने आए थे। उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर विपक्ष चुप नहीं है। हर जगह आवाज उठा रहे हैं। रोजाना कीमत बढ़ रही है। प्रदेश सरकार को इससे आमदनी का जरिया नहीं बनाना चाहिए, किसान और आम आदमी पर मार पड़ रही है।
सरकार ने भी डीजल-पेट्रोल पर वैट डबल से ज्यादा कर दिया है। मांग करते हैं कि सरकार वैट न बढ़ाए। यह कमाई का साधन न मानकर पब्लिक को राहत देनी चाहिए। इससे खाद, पेस्टीसाइड के रेट बढ़ेंगे। नगर निगम में टेंपरेरी आईडी के फर्जीवाड़े पर पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में हर जगह घोटाले हो रहे हैं, यह घोटाले की सरकार है, मिलीभगत से सारा खेल चल रहा है।