तमिलनाडु में 3 महीने बाद चुनाव होने हैं। ऐसे में वहां पोंगल और इससे जुड़े आयोजनों में राजनीतिक रंग नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को मदुरई पहुंचे। उन्होंने अवनीयापुरम में जल्लीकट्टू आयोजन में हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों के साथ खाना भी खाया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की संस्कृति भारत के लिए बेहद जरूरी है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए।
#WATCH I Tamil Nadu: Congress leader Rahul Gandhi participates in #Pongal celebrations in Madurai and has lunch with locals pic.twitter.com/xTBnEVhpGw
— ANI (@ANI) January 14, 2021
राहुल ने मीडिया से बात करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि सरकार न सिर्फ किसानों की अनदेखी कर रही है, बल्कि उन्हें दबाने की साजिश भी रच रही है। क्योंकि, सरकार अपने 2-3 दोस्तों को फायदा पहुंचाना चाहती है।
किसानों को नजरअंदाज कर देश आगे नहीं बढ़ सकता : राहुल
उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ की हड्डी हैं। अगर किसी को लगता है कि वे किसानों को नजरअंदाज कर के देश को आगे बढ़ा सकते हैं, तो ऐसे लोगों को हमारे इतिहास की तरफ देखना चाहिए। जब-जब हमारा किसान कमजोर हुआ है, देश भी कमजोर हुआ है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोरोना आया, आपने आम आदमी की मदद नहीं की। आप किसानों को भी नजरअंदाज कर रहे हैं। आप किसके प्रधानमंत्री हो, देश की जनता के या फिर दो-तीन बिजनेसमैन के?
भाजपा सरकार और PM मोदी पर हमला बोला
उन्होंने कहा कि सरकार को नए कृषि कानूनों को वापस लेना ही होगा। मेरी बात को आप याद रखिएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि चीन हमारे इलाके में क्या कर रहा है? प्रधानमंत्री इस बारे में कुछ क्यों नहीं बोलते? प्रधानमंत्री इस बारे में बात क्यों नहीं करते कि चीनी सैनिक हमारी जमीन पर बैठे हुए हैं।
नड्डा चेन्नई में पोंगल के कार्यक्रम में शामिल होंगे
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा भी तमिलनाडु में हैं। वे चेन्नई में नम्मा ओरू पोंगल कार्यक्रम में शामिल होंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत भी तमिलनाडु में हैं। उन्होंने चेन्नई के कादुम्बडी मंदिर में पूजा की और पोंगल के सेलिब्रेशन में शामिल हुए।

तमिलनाडु में अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं
यहां AIADMK और DMK के बीच मुख्य मुकाबला है। ऐसे में भाजपा अपनी जमीन तलाशने की कोशिश में जुटी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने AIADMK से गठबंधन किया था, लेकिन विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का अभी तक ऐलान नहीं किया है।