मृतक नवीन कुमार उर्फ भोला ड्राइवर है। मरने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया था, इसमें वो अपनी पत्नी पर आरोप लगा रहा है।
- आरोप मृतक की पत्नी पर लगे हैं, जिसके किसी के साथ अवैध संबंध थे
पंजाब के मुक्तसर जिले में एक शख्स ने दो दिन पहले अपने दो बच्चों के साथ जहर निगल लिया था। बेटी की मौत मौके पर हो गई थी। वहीं सोमवार सुबह शख्स ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, बेटे का इलाज अभी चल रहा है। आरोप मृतक की पत्नी पर लगे हैं, जिसके किसी के साथ अवैध संबंध थे।
मृतकों की पहचान जोधू कॉलोनी निवासी नवीन कुमार उर्फ भोला (40) और उसकी बेटी तानिया (7) के रूप में हुई। वहीं बेटे कबीर (5) की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आरोपी पत्नी प्रियंका, उसके प्रेमी अमन और अमन की मां सीता रानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई मुनीश ने बताया कि नवीन एंबुलेंस चालक था। उसकी पत्नी प्रियंका के अमन के साथ अवैध संबंध थे और इसमें अमन के माता पिता भागीदार थे। इन संबंधों से तंग आकर ही भोला ने अपने बच्चों के साथ जहर खा लिया। जहर खाने से पहले नवीन ने अपने मोबाइल पर एक वीडियो बनाई थी।
इस वीडियो में नवीन ने अमन और उसकी मां सीता रानी पर कई आरोप लगाए हैं कि उन्होंने उसकी पत्नी प्रियंका की पहले वीडियो बनाई। फिर उसको इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते थे। मुनीश के बयानों के आधार पर पुलिस ने IPC की धारा 306, 511, 506 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।