
नरयावली पुलिस मामले में जांच कर रही है।
- नरयावली थाना क्षेत्र की घटना, धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
नरयावली थाना क्षेत्र में एक 14 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला 30 साल का युवक किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दो दिन से दुष्कर्म कर रहा था। दूसरी बार आरोपी दुष्कर्म कर जब पीड़िता के घर से निकला तो पड़ोस में रहने वाली पीड़िता की मुंह बोली भाभी ने देखा लिया। इसके बाद घटना का पता चला। जिसके बाद परिजन के साथ पीड़िता ने नरयावली थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नरयावली थाना उप-निरीक्षक रामसिया चौधरी ने बताया कि गांव में रहने वाली 14 साल की पीड़ित ने 5वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी। लड़की के माता-पिता गांव में ही मजदूरी के लिए जाते हैं। लड़की घर में ही दिनभर अकेली रहकर घर का काम करती है। पीड़ित का एक छोटा भाई है, जिसे माता-पिता साथ ले जाते हैं। गुरुवार को लड़की घर पर अकेली थी। इसी दौरान दोपहर में पड़ोस में रहने वाला गोपी उर्फ कन्छेदी अहिरवार (30) घर में घुस आया। उसने लड़की को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। डरी-सहमी पीड़ित ने घटना के बारे में उस दिन किसी को नहीं बताया।
इसके बाद आरोपी ने दूसरे दिन शुक्रवार को फिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इस बार पीड़िता की पड़ोस में रहने वाली भाभी ने देख लिया। वह पहुंची तो आरोपी भाग गया। इसके बाद पीड़ित ने भाभी और परिजन को घटना बताई। इसके बाद परिजन ने शनिवार को नरयावली थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गोपी उर्फ कन्छेदी अहिरवार के खिलाफ धारा 450, 376(2), 376(3), 506 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।