
प्रदेश के 10 जिलों में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण का कोई नया केस नहीं मिला है, लेकिन 12 जिलों में ही नए मरीजों की संख्या 100 के पार रही। इनमें भी सबसे ज्यादा गुड़गांव में 25 केस मिले हैं। करनाल में एकाएक फिर संख्या बढ़ गई है। यहां भी एक दिन में 24 नए मरीज मिले हैं, जबकि तीसरे नंबर पर पंचकूला में 16 नए लोग पॉजिटिव हुए हैं। यानी राज्य के 58 फीसदी मरीज सिर्फ 3 जिलों में मिले हैं।
नूंह, जींद, पलवल, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, सिरसा, रेवाड़ी, हिसार व सोनीपत ऐसे जिले रहे, जहां कोई नया मरीज नहीं मिला है। शनिवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। अभी 0.50 फीसदी एक्टिव मरीज बाकी रहे हैं। रिकवरी रेट 98.37 प्रतिशत है तो पॉजिटिविटी रेट 4.87 प्रतिशत पहुंच गया है।