
रविवार को पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की।
- लॉकडाउन में पति को छोड़ प्रेमी के साथ जबलपुर आकर रहने लगी थी
- 3 फरवरी को बंजारी माता नाले के पास मिला था शव, भाई-बहन गिरफ्तार
पत्नी ने अपने पति की प्रेमिका की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। शव काे ठिकाने लगाने के लिए अपने भाई की मदद ली। भाई-बहन मिलकर शव को जंगल ले गए। और वहां नाले में दफना दिया। महिला को शक था कि पति के साथ उसके अवैध संबंध हैं। पूछताछ में महिला ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी भाई-बहन को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मामला जिले के ढीमरखेड़ा थाने की सिलौड़ी चौकी क्षेत्र का है।
कटनी एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि कुंडम थाना क्षेत्र में सिमरिया गांव निवासी रुक्मिणी पति नरेश बर्मन (25 वर्ष) 11 मई 2020 से घर से लापता हो गई थी। उसकी गुमशुदगी की शिकायत परिजन ने कुंडम थाने में दर्ज कराई। जांच में पता चला कि महिला गांव के ही पूरनसिंह (35) से प्रेम करती थी। दोनों जबलपुर के अधारताल क्षेत्र में रहते थे। पूरनसिंह भी शादीशुदा है और वो महिला भी शादीशुदा थी। पूरन अपने गांव में पत्नी के यहां कभी-कभी आना-जाना करता था। दोनों के अवैध संबंधों की खबर पूरनसिंह की पत्नी सम्मोबाई को लग गई थी।
विवाद के बाद कर मार डाला
पूछताछ में आरोपी सम्मोबाई ने पुलिस को बताया कि एक दिन उसे जंगल में रुक्मिणी मिल गई। पति के अवैध संबंधों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में सम्मोबाई ने कुल्हाड़ी से रुक्मिणी पर कई वार कर दिए। लहूलुहान रुक्मिणी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी ने इसकी जानकारी अपने भाई शिवकुमार को दी। इसके बाद दोनों ने शव को हल्का जंगल बंजारी माता नाले में गड्ढा खोदकर दफना दिया। 3 फरवरी को अज्ञात लाश मिली।
सख्ती पर कबूल किया जुर्म
एसपी के मुताबिक शक के आधार पर सम्मोबाई से पूछताछ की गई। पहले वह बरगलाती रही, लेकिन सख्ती करने पर वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने सम्मोबाई और शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच भी की है।